दिल्ली रोड स्थित शिव विलास होटल में रुके गुजरात कांग्रेस के विधायक 5वें दिन घूमने के लिए रिजॉर्ट के बाहर निकले। करीब 18 विधायक एक बस में बैठकर घूमने निकले। सबसे पहले डब्लूटीपी मॉल घूमने पहुंचे। जिसके बाद पिंक स्क्वायर मॉल पहुंचे। जहां एंट्री से पहले सभी की कोरोनावायरस की स्क्रीनिंग की गई। यहां सभी ने रोज की जरूरत का सामान खरीदा। जिसके बाद होटल शिव विलास वापस पहुंचे। बता दें कि विधायक करीब 4 घंटे जयपुर में घूमे।
दोपहर 3.30 बजे 20 विधायक जयपुर घूमने निकले। करीब 3.42 पर विधायकों की बस आमेर तिराहे पर पहुंची। यहां से सभी के लिए पानी खरीदा गया। करीब 4.15 बजे विधायकों की बस ट्रांसपोर्ट नगर, राजापार्क, त्रिमूर्ति सर्किल और जेएलएन मार्ग होते हुए डब्लूटीपी मॉल पहुंचे, जिन्हे हाथ को सैनेटाइजर से साफ करने के बाद मॉल में एंट्री दी गई। जिसके बाद करीब 4.45 पर सभी विधायक मॉल से वापस बाहर निकलना शुरू हुए और बस में बैठे। जानकारी अनुसार तीन से चार विधायकों ने इन दौरान खरीदारी भी की। इस दौरान विधायक वीर जी ठुमर ने कहा कि 25 तारीख से पहले गुजरात नहीं जाने वाले हैं। कहीं और भी घूमने जा सकते हैं। इसके साथ उन्होंने जयपुर को अच्छा शहर बताया।

रास्ते में चाय पीने रुके विधायक
करीब 5.35 पर सभी विधायक बस में वापस बैठे और आगे के लिए रवाना हुए। जिसके बाद करीब 6 बजे दशहरा मैदान राजापार्क के पास कुछ विधायक मेडिकल शॉप पर उतरे। इस दौरान उन्होंने कुछ स्नैक्स लिए और चाय भी पी। जिसके बाद शाम को 6.30 बजे गुजरात के विधायक पिंक स्क्वायर मॉल पहुंचे। यहां सभी की कोरोनावायरस की स्क्रीनिंग की गई। मॉल घूमने के बाद करीब 7 बजे सभी विधायक होटल के लिए रवाना हुए। जिसके बाद करीब 7.35 पर सभी विधायक वापस होटल पहुंचे।

सुबह सबसे पहले हुई बैठक
सुबह शिव विलास रिजॉर्ट में गुजरात कांग्रेस के विधायकों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा, नेता प्रतिपक्ष प्रवेश दमानी ने विधायकों को आलाकमान के फैसले की जानकारी दी। जानकारी अनुसार दोनों राज्यसभा के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे, जिसमें पहली वरीयता शक्ति सिंह गोहिल को दी जाएगी।
होटल में टहलने निकले विधायक
दिन में करीब 2.15 बजे आनंद चौधरी, चंद्रिका बेन बारिया और पूना बाई गामित समेत 5 विधायक लंच के बाद होटल में टहलने निकले। दिन में करीब 3 बजे मुख्य सचेतक महेश जोशी और उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी शिव विलास होटल पहुंचे। महेश जोशी ने कहा कि गुजरात की राजनीति में मेरा कोई दखल नहीं है। हमारा काम उनकी देखभाल करना है। जो हमारी जिम्मेदारी है। उन्हे क्या फैसला करना है ये गुजरात कांग्रेस तय करेगी। हाईकमान तय करेगा।