जेल में कैदियों से मिलने पर लगा बेन, ट्रैफिक पुलिस को ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग न करने के निर्देश

कोरोनावायरस के चलते राजस्थान की जेलों में भी कैदियों से मुलाकात पर बेन लगा दिया गया है। एतिहात के तौर पर ये निर्णय लिया गया है। डीजी जेल एनआरके रेड्डी ने इसके आदेश जारी किए। जानकारी अनुसार जयपुर जेल में रोजाना 100 से ज्यादा परिजन कैदियों से मिलने पहुंचते हैं। वहीं पुलिस मुख्यालय ने भी ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग नहीं करने के निर्देश जारी किए हैं।


पुलिस कार्यालयों में केवल परिवादी को एंट्री


पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र सिंह ने निर्देश जारी किए हैं कि कोरोनावायरस के संक्रमण के चलते ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग नहीं किया जाए। साथ ही पुलिस कार्यालयों में केवल परिवादी से ही मुलाकात की जाए। उसके साथ आने वाले व्यक्तियों को मिलने की अनुमति नहीं दी जाए। बुजुर्ग या महिला होने पर एक व्यक्ति साथ आ सकता है। साथ ही सभी बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाए।


पदोन्नति परीक्षाएं और परेड निरस्त


इसके साथ यातायात-अस्पताल औऱ चौकियों पर तैनात जवानों को भी सावधानी बर्तने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पदोन्नति परीक्षाएं, निरिक्षण, और सोमवार शुक्रवार को होने वाली परेड को तुरंत निरस्त किया गया है। साथ ही हाथ मिलाने की बजाए सैल्यूट करने के लिए कहा गया है।